रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, बरेली के ऑर्थोपेडिक्स विभाग द्वारा आयोजित डॉ. वरुण अग्रवाल एडवांस्ड एंडो-स्पाइन कोर्स का दो दिवसीय सफल आयोजन किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय अकादमिक कार्यक्रम में भारत के प्रतिष्ठित स्पाइन सर्जनों के साथ-साथ विदेशों से आए चिकित्सकों ने भी सक्रिय भागीदारी की।
इस वर्ष आयोजित कोर्स में बांग्लादेश से पाँच, नेपाल से दो तथा इराक से एक चिकित्सक सहित देश-विदेश के अनेक प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स) ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक एंडोस्कोपिक एवं मिनिमली इनवेसिव स्पाइन सर्जरी की नवीनतम तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था.
कार्यक्रम के कोर्स डायरेक्टर अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त न्यूरोसर्जन डॉ. हमीद अब्बासी रहे। आयोजन की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) के. कार्तिक कैलाश ने की, जबकि प्रो. (डॉ.) वरुण अग्रवाल आयोजन सचिव रहे।
पहले दिन की शुरुआत स्पाइन सर्जरी से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यानों से हुई। प्रतिभागियों को Awake Spine Surgery, SI Joint Pain, Practical Anatomy, Implant Design, Endoscopic Fusion, UBE, PSLD सहित अन्य आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद OLLIF और SI Joint Fusion की लाइव सर्जरी का सीधा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने ऑपरेशन थिएटर से वास्तविक समय में पूरी सर्जिकल प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
दूसरे दिन प्रतिभागियों को रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज की अत्याधुनिक कैडेवर लैब में Hands-on प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में OLLIF, SI Joint Fusion, UBE तथा PSLD जैसी आधुनिक तकनीकों का कैडेवर पर व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध अत्याधुनिक स्पाइन उपकरण, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर तथा विश्वस्तरीय कैडेवर प्रशिक्षण सुविधा के कारण अब छोटे देशों के चिकित्सक भी यहाँ आकर नवीनतम स्पाइन सर्जरी तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
प्रो. (डॉ.) वरुण अग्रवाल ने बताया कि विदेशी चिकित्सकों के लिए एक, दो एवं तीन सप्ताह की स्पाइन ऑब्जर्वरशिप भी उपलब्ध है। इस दौरान वे आधुनिक स्पाइन सर्जरी की प्रक्रियाओं को नज़दीक से सीखते हैं और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर अपने देशों में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सक्षम बनते हैं।
इस सफल आयोजन ने एक बार फिर सिद्ध किया कि रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, बरेली आधुनिक स्पाइन शिक्षा, शोध और प्रशिक्षण के क्षेत्र में न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर चुका है।
Leave a Reply