अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज के झंडा मैदान में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 5:45 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से संबद्ध डेंटल, नर्सिंग, पैरामेडिकल और मेडिकल संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का आयोजन बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के प्राधिकुलाधिपति डॉ. अशोक कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योगासन और प्राणायाम की विधियां बताईं और योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा तनाव से मुक्ति मिलती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के साथ प्रतिदिन योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग स्वस्थ जीवन का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। योग न केवल शरीर को निरोग रखता है, बल्कि मन को भी एकाग्र और सकारात्मक बनाता है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की प्रति कुलपति डॉ. किरण अग्रवाल, वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. अर्जुन अग्रवाल, डॉ. चीना अग्रवाल, कुलसचिव डॉ. सुशील कुमार ठाकुर, प्रधानाचार्य डॉ. रजनीश पठानिया, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तसलीम खान, डॉ. चंद्रशेखर कांडपाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, चिकित्सक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Leave a Reply